स्वतंत्रत दिवस भारत का एक दिन का समारोह नहीं बल्कि गर्व व स्वाभिमान का दिन है।
हिन्दुस्तानी प्रचार सभा द्वारा स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पूर्व हिन्दीतर भाषी शिक्षकों के स्वाभिमान व सम्मान का दिन रहा। हिन्दी शिक्षा के क्षेत्र में योगदान तथा समर्पण को देखते हुए महाराष्ट्र्, गोवा, कोयम्बटूर, केरल, तमिलनाडु तथा पॉन्डिच्चेरी के शिक्षकों को ''महात्मा गाँधी हिन्दी शिक्षा प्रतिभा सम्मान'' से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नवभारत टाईम्स के संपादक कप्तान सुंदर चंद ठाकुर ने विद्यार्थियों तथा शिक्षकों में भारत के अतुलनीय गौरव और वर्तमान तथा सुंदर भविष्य की कल्पना को साकार करने की ओर प्रेरित किया। सभा के न्यासी व मानद कोषाध्यक्ष श्री अरविंद डेगवेकर ने सभा के भविष्य की परिकल्पना तथा उसकी उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। विशेष कार्य अधिकारी डॉ. रीता कुमार तथा परियोजना समन्वयक राकेश कुमार त्रिपाठी ने कार्यक्रम का संचालन किया व सूत्रधार की भूमिका निभायी। कार्यक्रम के अंत में देवमणि पाण्डेय के संयोजन में कवि सम्मेलन भी आयोजित किया गया। श्री विनोद दुबे, रोशनी किरण तथा दमयंती शर्मा ने अपनी कविताओं और गजलों से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। महाविद्यालयों से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।