गुरु नानक महाविद्यालय (स्वायत्तशासी), चेन्नई तथा हिन्दुस्तानी प्रचार सभा, मुंबई के संयुक्त तत्वावधान में वाक् स्पर्धा – 2025 का आयोजन 12 सितम्बर 2025 को बड़े उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के उद्घाटन का शुभारंभ महाविद्यालयीन प्रार्थना और तमिल ताईवाल से हुई एवं दीप प्रज्वलन के उपरांत हिंदी विभागाध्यक्ष एवं अकादमिक अधिष्ठात्री डॉ. स्वाति पालीवाल ने विभिन्न महाविद्यालयों से पधारे विद्यार्थियों एवं सभागार में उपस्थित सभी सदस्यों का हार्दिक स्वागत करते हुए विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।गुरु नानक महाविद्यालय के प्रबंधक श्री मंजीत सिंह नायर जी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएँ दी।
मुख्य अतिथि एवं निर्णायक के रूप में हिन्दुस्तानी प्रचार सभा, मुंबई से पधारे परियोजना समन्वयक श्री राकेश कुमार त्रिपाठी का परिचय डॉ. अनीता पाटील द्वारा प्रस्तुत किया गया। प्रतियोगिता की दूसरी निर्णायक डॉ. उर्मिला पोरवाल बेंगलुरु से पधारीं। श्री राकेश कुमार त्रिपाठी जी ने विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की एवं सभा द्वारा संचालित विविध गतिविधियों की जानकारी दी।
इस प्रतियोगिता में कुल 92 विद्यार्थियों ने भाग लिया। निर्णायकों द्वारा मूल्यांकन के उपरांत
प्रथम पुरस्कार : मानसी .पी (डी.जी.वैष्णव महाविद्यालय)
द्वितीय पुरस्कार : एस.गजेन्दर गिरी (गुरु नानक महाविद्यालय)
तृतीय पुरस्कार : आर्या.एम (गुरु नानक महाविद्यालय)
प्रोत्साहन पुरस्कार : हर्षिनी.जे(गुरु नानक महाविद्यालय) एवं पिया (डी.जी.वैष्णव महाविद्यालय) को प्राप्त हुआ।
हिंदी विभाग के प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के सभी विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया और आयोजन को सफल बनाने में अपना सक्रिय योगदान दिया।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती रेखा वर्मा ने किया, जब्कि अनुशासन व्यवस्था का दायित्व डॉ. डॉली द्वारा निभाया गया। गुरु नानक महाविद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी अहम् भूमिका निभाई।
समापन समारोह में शिफ्ट – 2 की हिंदी विभागाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. गुड़िया चौधरी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।